कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठे हैं। इस देश में न तो काला धन आया और न ही भ्रष्टाचार व महंगाई ही घटी है। मोदी तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करते हैं।
मिस्त्री शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से कहा, भाजपा के नेता बड़े ही आदर्शों की बात करते हैं। अगर इतने आदर्शवादी हैं तो फिर एक जेल गए हुए व्यक्ति को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष क्यों बना दिया। भाजपा की नीति है दंगा कराओ और सत्ता में आओ।
लोकसभा चुनाव में इसी नीति पर चलकर यूपी में बड़ी सफलता प्राप्त कर ली। लेकिन भाजपा की यह नीति ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है।
प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे पर उन्होंने कहा कि अगर इतना ही अपने संसदीय क्षेत्र का ख्याल था तो पीएम बनने के बाद गुजरात जाने के बजाय वाराणसी आते। मोदी महज दिखावा करते हैं।