गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी के अहिमामऊ इलाके में ई रिक्शा में बैठने के दौरान हरियाणा के पलवल निवासी गरिमा पटेल के बैग से कुछ टप्पेबाजों ने जेवर पार कर दिए। उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक, आठ अगस्त की शाम करीब चार बजे गरिमा नगराम स्थित अपने मायके जाने के लिए अहिमामऊ के पास खड़ी थीं। इसी दौरान तीन महिलाएं, तीन पुरुष और दो बच्चे उनके पास आए। गरिमा रिक्शे में बैठीं तो कुछ टप्पेबाज भी उसमें सवार हो गए। खुर्दही बाजार के पास सभी एक साथ ई रिक्शे से उतरकर चले गए। शक होने पर गरिमा ने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, कान की बालियां और अंगूठी गायब मिली। इंस्पेक्टर का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।