त्योहारों पर ट्रेनों में वेटिंग यात्रियों के लिए मुश्किलें पैदा कर रही है। नवरात्रि पर लखनऊ से वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों के लिए जहां 145 तक वेटिंग पहुंच गई है। वहीं दीपावली पर दिल्ली व मुम्बई से लखनऊ आने वालों के लिए 317 व 337 वेटिंग पहाड़ सी खड़ी हो गई हैं। ऐसे ही छठ पूजा पर लखनऊ से पटना, गोरखपुर जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग सौ तक पहुंच गई है और इन त्योहारों पर विमानों का किराया भी आसमान छूने लगा है।
उत्तर, पूर्वोत्तर व उत्तर मध्य रेलवे की ओर से ट्रैक मेंटेनेंस, यार्ड रिमॉडलिंग, दोहरीकरण का काम पूरी गति से कराया जा रहा है। इसके चलते 150 से अधिक ट्रेनों को कैंसिल किया गया है, जिसके चलते रूट की अन्य ट्रेनों पर यात्रियों का लोड बढ़ गया है। रविवार से नवरात्रि शुरू हो रही है। लखनऊ से बड़ी संख्या में यात्री माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाते हैं। ऐसे में लखनऊ से कटरा जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस के स्लीपर में रविवार, सोमवार, मंगलवार व बुधवार को रिग्रेट, रिग्रेट, 97, 77 वेटिंग है। थर्ड एसी में 30, 23, 35, 34 वेटिंग चल रही है।
कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस के स्लीपर में 145, 99, 63, 75 व थर्ड एसी में 11, 9, 12, 14 वेटिंग है। ऐसे ही हिमगिरी एक्सप्रेस की स्लीपर में रविवार को 88, बुधवार को 67, शनिवार को 64 तथा थर्ड एसी में 15, 18, 24 वेटिंग है। अमरनाथ एक्सप्रेस के स्लीपर में सोमवार को 80 तथा थर्ड एसी में 31 वेटिंग है। अर्चना एक्सप्रेस के स्लीपर में मंगलवार को 86, शनिवार को 88 तथा थर्ड एसी में 15 व 20 वेटिंग चल रही है। हमसफर एक्सप्रेस की थर्ड एसी में मंगलवार को 21 वेटिंग है। लोहित एक्सप्रेस की स्लीपर में मंगलवार को रिग्रेट, थर्ड एसी में 26 वेटिंग है। रूट पर सिर्फ श्री मातावैष्णों देवी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन की स्लीपर में बुधवार 262 तथा थर्ड एसी में एक सीट खाली है।
दीपावली : लखनऊ आने में छूटेंगे पसीने
12 नवंबर को दीपावली का त्योहार मनाया जाना है। दिल्ली व मुंबई से बड़ी संख्या में यात्री लखनऊ आते हैं। ऐसे में नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली तेजस एक्सप्रेस में दस नवंबर को चेयरकार में 127 वेटिंग चल रही है। गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस की थर्ड एसी में 199 वेटिंग है। शताब्दी एक्सप्रेस की चेयरकार में 10 व 11 को 217, 309 वेटिंग है। नई दिल्ली लखनऊ एसी एक्सप्रेस की थर्ड एसी में उपरोक्त तारीखों में रिग्रेट है। डबलडेकर की चेयरकार में दस को 133 वेटिंग है। लखनऊ मेल की स्लीपर में 10 व 11 को 285 एवं 317 वेटिंग, गोमती एक्सप्रेस की चेयरकार में 113, 108 वेटिंग चल रही है। मुंबई से लखनऊ आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस की स्लीपर में दस व ग्यारह नवंबर को 337, 331 व थर्ड एसी में 222, 203 वेटिंग है। पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस में रिग्रेट है। एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस की स्लीपर में 147, 150 व थर्ड एसी में रिग्रेट चल रहा है। कुशीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर में 149, 147, थर्ड एसी में रिग्रेट व सौ वेटिंग है। अवध एक्सप्रेस की स्लीपर में 244, 216 तथा थर्ड एसी में रिग्रेट चल रहा है।
छठ पूजाः पूरब की ट्रेनों में बढ़ने लगी वेटिंग
छठ पूजा का पर्व 17 नवंबर से मनाया जाएगा। ऐसे में लखनऊ से पटना जाने वाली देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस की स्लीपर में 16 को 33 व थर्ड एसी में 17 वेटिंग है। हिमगिरी एक्सप्रेस की स्लीपर में 42, 50 व थर्ड एसी में 15, 11 वेटिंग है। लखनऊ जंक्शन पटना एक्सप्रेस कैंसिल है। श्रमजीवी एक्सप्रेस में 15 व 16 को स्लीपर में 47, 39 व थर्ड एसी में 24, 14 वेटिंग है। वहीं लखनऊ से गोरखपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयरकार में 375, 357 सीटें खाली हैं। गोरखधाम एक्सप्रेस की स्लीपर में 97, 75 व थर्ड एसी में 27, 24 वेटिंग है। बिहार सम्पर्कक्रांति एक्सप्रेस की स्लीपर में 15 व थर्ड एसी में पांच वेटिंग चल रही है।