बीबीएयू : कई कोर्सों की कॉमन प्रवेश परीक्षा, उसी मेरिट से ले सकेंगे प्रवेश
बीबीएयू ने कोरोना काल में विद्यार्थियों को दी राहत
कोरोना संक्रमण काल को देखते हुए बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। विवि इस बार कई पाठ्यक्रमों की कॉमन प्रवेश परीक्षा का आयोजन करेगा। यूजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए परीक्षा का 28 सितंबर को होगी। बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से के विद्यार्थी व उनके अभिभावक कम से कम यात्रा करना चाहते हैं। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
व्यवस्था के मुताबिक, बीसीए व बीएससी आईटी का एक ही पेपर होगा। बीए (सभी विषय), बीकॉम, बीवोक, बीलिब, बीएससी ऑनर्स, बीबीए, बीकॉम ऑनर्स, बीएड, बीएससी-एमएससी इंटीग्रेटेड, बीएससी फूड साइंस, सर्टिफिकेट कोर्स इन योगा का एक ही पेपर होगा। इसी तरह एक ही विषय में पीएचडी और एमफिल के आवेदक विद्यार्थियों को भी एक ही पेपर देना होगा। इसका फायदा विद्यार्थियों को दोहरा मिलेगा। एक तो उनको बार-बार परीक्षा देने नहीं जाना होगा, दूसरा उनको एक ही मेरिट से आवेदन वाले कोर्स में प्रवेश में मौका मिलेगा। इस बार 29 हजार से अधिक स्टूडेंट्स 3720 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा देंगे। वहीं पीजी कोर्सों व कुछ पीएचडी विषयों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा की तिथि तय नहीं हुई है। ये अक्तूबर पहले सप्ताह में प्रस्तावित है।
पहले ही जारी हो गया था कॉमन सिलेबस
प्रवेश समन्वयक प्रो. कुशेंद्र मिश्रा ने बताया कि विद्यार्थियों की दिक्कत को देखते हुए विवि ने कॉमन पेपर कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए पहले ही यूजीसी का कॉमन सिलेबस जारी कर दिया गया था। इसके आधार पर परीक्षा होनी है। इससे जल्द परिणाम भी आएगा और विद्यार्थी अपनी मेरिट से आवेदन करने वाले किसी भी कोर्स में प्रवेश ले सकेगा। अभी तक यही परीक्षा एक सप्ताह तक चलती थी, जिस पर काफी खर्च भी होता था।
23 राज्यों में प्रवेश परीक्षा, लखनऊ में सर्वाधिक परीक्षार्थी
बीबीएयू की सोमवार को होने वाली प्रवेश परीक्षा यूपी समेत 23 राज्यों में आयोजित की जाएगी। यूपी में सर्वाधिक 25 केन्द्रों पर और कुल 50 केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा का आयोजन होगा। यूपी में लखनऊ में सबसे ज्यादा 13 केंद्र हैं जहां 4006 स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल होंगे। प्रवेश परीक्षा में कुल 10 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में सुबह 09 से 11 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 02 से 04 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश परीक्षा से एक घंटे पहले शुरू हो जाएगा।