लखनऊ। नगर निगम के कर निरीक्षक, पार्षद, भवनस्वामी और पूर्व पार्षद के बीच गृहकर वसूली के लिए हुई मारपीट की जांच कमेटी करेगी। हालांकि, इस मामले में समझौते का भी दबाव बनाया जा रहा है।
बकाया गृहकर वसूली के लिए ऐशबाग में भवनस्वामी के यहां नोटिस लेकर गए नगर निगम के कर निरीक्षक हरिशंकर पांडेय को 24 फरवरी को पूर्व पार्षद साकेत शर्मा ने दौड़ाकर पीटा था। साथ में भवनस्वामी महेश भी था। झगड़े में पार्षद संदीप शर्मा भी शामिल रहे थे। कर निरीक्षक के एफआईआर दर्ज कराने पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
मारपीट की घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। जिस बिल्डिंग के टैक्स विवाद के लिए मारपीट हुई उसका टैक्स सालाना 50 हजार होना चाहिए मगर पांच हजार रुपये ही जमा हो रहे थे। इससे मारपीट करने वाले फंस रहे हैं।
नगर निगम प्रशासन की ओर से जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। इसमें अपर नगर आयुक्त ललित कुमार को अध्यक्ष और मुख्य कर निर्धारण अशोक सिंह व जोनल अधिकारी जोन तीन अमरजीत सदस्य बनाया गया है। समिति को तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट देनी है।