प्रदेश सरकार से उद्घाटन की तारीख मांगने के बाद अब लखनऊ मेट्रो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए 24 अगस्त के बाद कोई भी समय देने का प्रस्ताव भेजा है।
ऐसे में उम्मीद है कि 24 अगस्त से पांच सितंबर के बीच कभी भी मेट्रो का कॉमर्शियल रन शुरू हो सकता है।
एलएमआरसी के एक अफसर ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से पूछा गया था कि कॉमर्शियल रन का उद्घाटन कब कराया जा सकता है।
इस पर 24 अगस्त के बाद कभी भी कार्यक्रम कराने का प्रस्ताव भेज दिया गया है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से हरी झंडी मिलते ही तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। कॉमर्शियल रन के लिए जरूरी सुविधाएं और टेस्ट पहले ही पूरीकी जा चुकी हैं।
एलएमआरसी को आशंका है कि अगर पांच सितंबर तक कॉमर्शियल रन शुरू नहीं हुआ तो सितंबर के अंत में ही तारीख तय होगी। चूंकि छह से 21 सितंबर तक पितृ पक्ष है, ऐसे में कॉमर्शियल रन टल सकता है।
इसके बाद नवरात्र में ही शुरुआत हो पाएगी। इसलिए अधिकारियों का प्रयास है कि अगस्त के अंत में प्रधानमंत्री की तारीख मिल जाए। इससे कॉमर्शियल रन एक महीना और लेट होने से बच जाएगा।