लखनऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद रामजीलाल सुमन के राणा सांगा पर अभद्र टिप्पणी करने का विरोध दर्ज कराया है। दर्जनों की संख्या एबीवीपी के कार्यकर्ता शुक्रवार बीजेपी दफ्तर के सामने पहुंचे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला जलाकर सांसद से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में जतिन शुक्ला, शशिप्रकाश मिश्रा व बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता शामिल रहे।
उधर, अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज में प्रदर्शन किया। उन्होंने सपा सांसद पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की। इसके लिए उन्होंने हजरतगंज थाने में तहरीर भी दी। आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष व एमएलसी डॉ. लालजी प्रसाद ने भी राणा सांगा पर अभद्र टिप्पणी मामले में सपा सांंसद से माफी की मांग की।
वहीं, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने शुक्रवार को बैठक कर सुमन के बयान की निंदा की। इस दौरान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप सिंह बब्बू, राष्ट्रीय अध्यक्ष उमाशंकर सिंह कुशवाहा ने लखनऊ विधान सभा के सामने सुमन का पुतला फूंकने के लिए कहा।