साई सेंटर में कम एंड प्ले स्कीम शुरू
यूपी बैडमिंटन अकादमी में भी प्रशिक्षुओं को बुलाया गया
खिलाड़ियों के लिए खेल विभाग के चारों स्टेडियम खुलने के बाद साई सेंटर ने भी अपने यहां कम एंड प्ले स्कीम के तहत प्रशिक्षुओं की ट्रेनिंग शुरू कर दी है। इसके अलावा यूपी बैडमिंटन अकादमी को स्थानीय खिलाड़ियों की ट्रेनिंग के लिए खोल दिया गया है।
साई सेंटर की बात करे तो यहां सात खेलों (वॉलीबाल, बास्केटबाल, जिम्नास्टिक, कबड्डी, वेटलिफ्टिंग, ताइक्वांडो और फुटबॉल) में कम एंड प्ले स्कीम के अंतर्गत खिलाड़ियों को बुलाया गया है। इसके अलावा यहां बैडमिंटन, हॉकी, कुश्ती और एथलेटिक्स पर ट्रेनिंग के लिए स्वीकृति नहीं दी गई है। सेंटर के रीजनल डायरेक्टर संजय सारस्वत बताते हैं कि हमारे यहां दस से महिला कुश्ती का नेशनल कैंप शुरू होने जा रहा है। इस कारण यहां बैडमिंटन ट्रेनिंग हो पाना संभव नहीं है, क्योंकि यहीं के मल्टीपरपज हाल में कुश्ती की ट्रेनिंग होगी।
एथलेटिक्स में साई के पहले ही काफी बच्चे है, जिस कारण कम एंड प्ले स्कीम में इसे भी नहीं जोड़ा गया है। शहर की प्रतिष्ठित यूपी बैडमिंटन अकादमी में स्थानीय शटलरों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ट्रेनिंग देने का फैसला किया गया है। यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अरुण कक्कड़ ने बताया कि पहले चरण मेें केवल शहर के खिलाड़ियों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ट्रेनिंग देने की योजना बनाई गई है। 15 अक्टूबर के बाद प्रदेश के अन्य जिलों से खिलाड़ी आकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।