लखनऊ। पीजीआई इलाके में रविवार देर रात एसयूवी से जा रही कर्नल की बेटी के साथ बाइक सवार तीन युवकों पर छेड़छाड़, गाली-गलौज और सोने की चेन लूटने का आरोप लगा है। पुलिस ने केस दर्ज कर युवकों को हिरासत में लिया है।
पीजीआई निवासी कर्नल की बेटी रविवार रात करीब 11 बजे एसयूवी से एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के पास पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक उनकी गाड़ी का पीछा करने लगे। युवकों ने उनसे अभद्रता की। जब उन्होंने कार रोकी तो एक युवक ने हाथ डालकर उनकी टी शर्ट खींचने की कोशिश की, वहीं दूसरा युवक गालियां देता रहा। तीसरे युवक ने तमंचा लहराते हुए उनकी सोने की चेन छीन ली। युवती ने शोर मचाया तो युवक बाइक छोड़कर भाग निकले। घटना से सहमी पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपियों की बाइक थाने ले गई। सोमवार को युवती ने मामले में पीजीआई थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने बाइक नंबर की मदद से तीन युवकों शुभम यादव, हिमांशु यादव और अमरेंद्र यादव को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह का कहना है कि अभी तक की जांच में मामला छेड़छाड़ का नहीं लग रहा है। पीड़िता को बयान के लिए बुलाया गया है।