रामलला के प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव के बाद अब अयोध्या महाकुंभ मेला के लिए तैयार है। 24 जनवरी से 28 फरवरी तक विभिन्न तिथियों में प्रयागराज से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को टेंट सिटी, शेल्टर होम और रैन बसेरों के साथ मठ-मंदिर व आश्रमों में भी ठौर मिल सकेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप यहां पर हर सुख-सुविधा का ख्याल रखा जाएगा। नगर निगम और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
नगर निगम की ओर से पर्यटन विकास निगम के सहयोग से साकेत पेट्रोल पंप और उदया चौराहे के पास 3000 और 400 लोगों की क्षमता की टेंट सिटी का निर्माण पूरा कर लिया गया है। यहां पर बिजली, पानी, प्रकाश और अलाव की व्यवस्था की गई है। 24 घंटे-सातों दिन सफाई मित्रों की तैनाती रहेगी। टेंट सिटी के परिसर में भोजनालय भी बनाया गया है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए हेल्पलाइन, अग्निशमन यंत्र और जेनरेटर सेट के भी इंतजाम किए गए हैं।