लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार स्थित सेक्टर सात में किराये के मकान में रहने वाले आकाश मिश्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। आकाश का शव घर से कुछ दूरी पर शराब के ठेके के पास प्लॉट में पड़ा मिला।
आकाश की पत्नी ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। डॉक्टरों ने विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा है।
मूल रूप से सीतापुर के सिधौली निवासी आकाश मिश्र (35) पत्नी निहारिका के साथ यहां रहते थे। वह अकरिका नाम से कोचिंग चलाते थे। निहारिका प्राइवेट शिक्षिका हैं, जो अपने पति के साथ काम करती थीं। भाई प्रांजल ने बताया कि आकाश रविवार दोपहर एक मिस्त्री के साथ उसकी स्कूटी पर बैठकर अपनी गाड़ी की बैटरी डलवाने के लिए निकले थे।
काफी देर तक वह वापस नहीं लौटे। खोजबीन करने पर भी उनका कुछ पता नहीं चल सका। इस बीच कुछ लोगों ने रविवार शाम करीब पांच बजे प्लॉट में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने शव की पहचान आकाश के रूप में की और निहारिका को मामले की सूचना दी।
निहारिका ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।