बछरावां (रायबरेली)। लखनऊ-रायबरेली रेलखंड के बछरावां रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट बनेगा, जिसके लिए बोगी आ चुकी है। करीब एक पखवाड़ा पहले ट्रैक तैयार किया जा चुका है। इस ट्रैक पर बोगी रखने का काम इसी महीने के अंत कर पूरा हो जाएगा। इसके बाद बाकी तैयारियां पूरी करके अगले महीने रेस्टोरेंट शुरू करने की योजना है।
बछरावां रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट बनाने की तैयारियां लगभग तीन महीने से चल रही हैं। स्टेशन भवन के निकट ट्रैक बिछाया गया है, जिसे एक पखवाड़ा पहले तैयार कर लिया गया था। ट्रैक के सामने वाले हिस्से को भी समतल कराया जा चुका है, जहां पर ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इस रेल कोच रेस्टोरेंट में व्यंजन परोसे जाएंगे, जिसका लाभ रेल यात्रियों के साथ ही आम लोगों को भी मिल सकेगा।
जिस कोच में रेस्टोरेंट बनेगा, वह कोच बृहस्पतिवार शाम बछरावां स्टेशन आ गया। यह कोच साइडिंग वाली लाइन पर रखा है, जहां से रेस्टोरेंट के लिए बिछाए गए ट्रैक पर इसी महीने के अंत तक रख दिया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि कोच आ गया है, जिसे रखने के लिए अगले हफ्ते क्रेन समेत अन्य मशीनें आएंगी। दिसंबर में महीने में रेल कोच रेस्टोरेंट पूरी तरह तैयार होने के बाद शुरू किया जाएगा।
रायबरेली में भी तेज हुआ काम, ट्रैक हो रहा पक्का
रायबरेली। जिले में दो प्रमुख रेलवे स्टेशनों बछरावां और रायबरेली में रेल कोच रेस्टोरेंट बनाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। बछरावां में काम अंतिम चरण में है, वहीं रायबरेली स्टेशन पर भी ट्रैक तैयार करने का काम पूरा होने वाला है। शुक्रवार को बिछाए गए ट्रैक के नीचे वाले हिस्से को पक्का करने के लिए आरसीसी का फर्श तैयार हुआ। सामने वाली खाली जगह को समतल कराने के बाद ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। यह काम दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। वाणिज्य निरीक्षक संदीप कुमार का कहना है कि जनवरी से रेल कोच रेस्टोरेंट शुरू कर दिया जाएगा।