इमलिया सुल्तानपुर(सीतापुर)। सीएमओ ने गुरुवार को सीएचसी एलिया व हरगांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें बरामदे में मरीज लेटे मिले। सीएमओ ने मरीजों के लिए अलग से कक्ष बनाकर उन्हें भर्ती करने की हिदायत दी।
सीएमओ डॉ. हरपाल सिंह स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए गुरुवार को सीएचसी एलिया पहुंचे। यहां मरीजों की भीड़ लगी थी। इमरजेंसी में आने वाले मरीज बरामदे में लेटे मिले। उन्होंने इमरजेंसी, मलेरिया व अन्य बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाने को कहा।
ओपीडी कर रहे डॉ. सुमित शुक्ला ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 250 से अधिक मरीज आते हैं। एक्सरे की सुविधा न होने से मरीजों को जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। सीएमओ को परिसर व शौचालयों में गंदगी नजर आई। उन्होंने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए कहा। इसके बाद वह सीएचसी हरगांंव पहुंचे। अधीक्षक डॉ. नितेश वर्मा से स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
भीड़ देख मरीजों की जांच में जुटे सीएमओ
सीतापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ऐलिया में मरीजों का तांता लगा हुआ था। सीएमओ स्वास्थ्य केंद्र की जांच कर रहे थे, तभी पचैनापुर निवासी विजय पाल की 10 वर्षीय पुत्री तेज बुखार से पीड़ित होकर अस्पताल आई। उसकी हालत गंभीर देख सीएमओ खुद ही आला व थर्मामीटर लेकर जांच करने लगे। परिजनों ने बताया की बच्ची को चार दिनों से बुखार आ रहा है। झोलाछाप से इलाज करवा रहे थे। जिस पर सीएमओ ने कहा कि अगर बुखार की शिकायत है तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र आएं और जांच करवाने के बाद ही इलाज करवाएं।