फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: आज स्कंद आश्रम आएंगे सीएम योगी

Wed, 21 Feb 2024 12:11 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
नैमिषारण्य/सीतापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को राज राजेश्वरी मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। उनका हेलीकॉप्टर बुधवार दोपहर 1:25 मिनट पर स्कंद आश्रम में बने हेलीपैड पर उतरेगा। यहां मुख्यमंत्री मंदिर के गोपुरम द्वार का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद करीब एक घंटे तक धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे।
विज्ञापन

मंगलवार को सीएम का कार्यक्रम जारी होने के बाद डीएम व एसपी ने स्कंद आश्रम में तैयारियों को चाक-चौबंद कराने के लिए डेरा डाल दिया है। नैमिष के ग्यावर मार्ग स्थित स्कंद आश्रम में 14 फरवरी से श्री श्री श्री जगदंबा राज राजेश्वरी का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश के हीरापुर के प्रसिद्ध संत षणमुखानंद पुरी ने यहां भगवती राज राजेश्वरी देवी का भव्य मंदिर व आश्रम निर्माण कराया है। इस नवनिर्मित मंदिर के गोपुरम चितशक्ति अर्थात प्रवेश द्वार का लोकार्पण करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर 19 फरवरी को नैमिष आ रहे हैं।
कार्यक्रम व्यवस्थापक शैलेंद्र शास्त्री ने बताया कि मंदिर करीब दस बीघे में बना है। 2016 में संत षणमुखानंद पुरी ने भूमि खरीदी थी। तब से ही मंदिर का निर्माण चल रहा है। अब निर्माण पूरा होने पर 14 फरवरी से प्राण प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ किया गया है। नवनिर्मित मंदिर के प्रवेश द्वार का उद्घाटन 21 फरवरी को सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर स्कंद आश्रम प्रांगण में हेलीपैड बनाया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार बुधवार दोपहर 1:25 बजे सीएम का हेलीकाॅप्टर नैमिष में उतरेगा। डेढ़ बजे सीएम प्राण प्रतिष्ठा समारोह में पहुंचेंगे। यहां करीब एक घंटे तक सीएम विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 2:35 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
विज्ञापन



काले पत्थर से बनी है 4 फीट की मां राजराजेश्वरी की प्रतिमा
नवनिर्मित मंदिर के मुख्य गर्भगृह में मां राजराजेश्वरी की प्रतिमा स्थापित है। यह प्रतिमा करीब चार फीट की है और काले रंग के पत्थर से बनी है। गर्भगृह में ही देवी ललिता का स्वरूप है। इस विग्रह देवी के दोनों ओर सरस्वती और लक्ष्मी जी चंवर डुला रही हैं। स्वर्ण की तरह बने इस मंदिर में श्रीयंत्र भी स्थापित हैं। यह श्रीयंत्र कृष्ण शिला से निर्मित हैं, जिसे दक्षिण भारत के कारीगरों ने बनाया है।


दक्षिण भारत से बनकर आया है 18 फीट का दरवाजा
नवनिर्मित मंदिर के जिस मुख्य द्वार अर्थात गोपुरम का उद्घाटन सीएम करेंगे, उसमें 18 फीट का दरवाजा लगाया गया है। यह लकड़ी का द्वार दक्षिण भारत से बनकर आया है। मंदिर के खंभों पर देवी-देवताओं की आकृतियां उकेरी गईं हैं।


22 को राजस्थान के सीएम के आने की चर्चा
बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के बाद 22 फरवरी को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के यहां की चर्चा है। आयोजकों ने उन्हें भी न्योता भेजा है। हालांकि अभी आधिकारिक कार्यक्रम नहीं जारी किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें