शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मिले, इस पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पात्र लोगों को आवास, बिजली, पेंशन आदि सुविधाएं उपलब्ध हों। गरीब और जरूरतमंद लोगों का राशन कार्ड तत्काल बनाया जाए। उन्होंने राजस्व संग्रह को बढ़ाए जाने तथा इसकी निरन्तर समीक्षा किए जाने के निर्देश देते हुए जीएसटी के लिए अधिक से अधिक पंजीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कर व करेत्तर राजस्व प्राप्ति की साप्ताहिक व पाक्षिक समीक्षा किए जाने के निर्देश भी दिए। जल संरक्षण को बढ़ावा दिए जाने पर बल देते हुए उन्होंने बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पुराने तालाबों के जीर्णोद्धार की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चित्रकूट धाम मंडल के मंडलायुक्त तथा जनपद बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट ओर महोबा के जिलाधिकारियों से विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने बताया कि चित्रकूट धाम मंडल में 50 करोड़ रुपए से अधिक लागत के कुल 17 निर्माण कार्य हैं। जनपद बांदा में उच्चीकृत 300 शैय्यायुक्त मंडलीय संयुक्त जिला चिकित्सालय बन रहा है। यह चिकित्सालय 4 माह में पूर्ण हो जाएगा।
बुंदेलखंड पैकेज के अधीन कुलपहाड स्प्रिंक्लर परियोजना प्रगति पर है। इससे 2,700 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी और कृषक लाभान्वित होंगे। अर्जुन सहायक परियोजना शीघ्र ही पूर्ण हो जाएगी। इससे लोगों को सिंचाई व पेयजल प्राप्त होगा। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मंडल के कुल लक्ष्य 16,095 आवासों में से अवशेष 676 आवासों को माह सितम्बर, 2020 के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जल संग्रहण के लिए वाॅटर स्टोरेज टैंक स्थापित किए जा रहे हैं। इससे पानी की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सड़क मार्ग पर झूलते तार न मिलें। उन्होंने अन्तर्राज्यीय सीमा पर प्रदेश में प्रवेश स्थल पर तोरण द्वार बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजापुर-लालापुर को सड़क से जोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि यह गोस्वामी तुलसीदास व महर्षि वाल्मीकि से जुड़ा स्थल है और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उच्चीकृत 300 शैय्यायुक्त मंडलीय संयुक्त जिला चिकित्सालय, बांदा को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए। उन्होंने बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे तथा अमृत योजना के अन्तर्गत चित्रकूट मंडल में होने वाले कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट में परिक्रमा मार्ग को बेहतर तथा सुविधाजनक बनाए जाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मानिकपुर से कल्याणपुर होते हुए धारकुण्डी आश्रम तक के मार्ग के चैड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं। हर घर नल योजना का लाभ देते हुए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सरकार कृत संकल्पित है।
जिलाधिकारी चित्रकूट ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मंदाकिनी नदी का पुनरोद्धार किया जा रहा है। इसमें मनरेगा के तहत प्रवासी श्रमिकों को बड़ी संख्या में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि चित्रकूट में ‘मेरी छत मेरा पानी’ अभियान संचालित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए मंदाकिनी नदी पर आरती और रामघाट पर लेज़र शो की व्यवस्था की जाए।
जिलाधिकारी बांदा ने बताया कि जनपद बांदा में 10 करोड़ से 50 करोड़ रुपए तक की लागत की 12 परियोजनाएं संचालित हैं। गुढ़ाकलां पेयजल योजना की भौतिक प्रगति 99 प्रतिशत है। इससे सम्बन्धित समस्त कार्य माह सितम्बर, 2020 में पूरे हो जाएंगे। जनपद में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति हेतु पाइप पेयजल योजनाओं के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। हर घर नल योजना के तहत 5500 किमी पाइप लाइन बिछाने का कार्य प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ आश्रय स्थल बनाए जाएं। गौवंश के नस्ल सुधार और अन्ना प्रथा समाप्त किए जाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनायी जाए।
जिलाधिकारी हमीरपुर ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय, सुमेरपुर का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। हर घर नल योजना के तहत कार्य प्रगति पर है। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यमुना पुल से संगम होते हुए बेतवा पुल तक तटबंध का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव विचार के लिए प्रेषित किया गया है। इसके स्वीकृत हो जाने से बाढ़ की त्रासदी से बचाव के साथ-साथ जनपद हमीरपुर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 के दृष्टिगत जनपद हमीरपुर में एल-3 कोविड अस्पताल स्थापित किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी महोबा ने बताया कि जनपद महोबा में 10 से 50 करोड़ रुपए तक की कुल 07 परियोजनाएं संचालित हैं। बड़खेरा ग्राम समूह पेयजल योजना से 24 गांव लाभान्वित होंगे। राजकीय पाॅलीटेक्निक कुलपहाड का 97 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव श्री आरके तिवारी, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना श्री अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री संजीव मित्तल, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा श्री अरविन्द कुमार, अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास श्री मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव कृषि श्री देवेश चतुर्वेदी, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री श्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव वन श्री सुधीर गर्ग, प्रमुख सचिव नगर विकास श्री दीपक कुमार, सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म श्रीमती रोशन जैकब, सूचना निदेशक श्री शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।