फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी चुनाव 2027: 'राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय', गठबंधन पर योगी का तीखा हमला

Wed, 25 Nov 2026 12:43 PM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाए और पीडीए को 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' करार दिया। साथ ही प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण, युवाओं को रोजगार और सख्त कानून-व्यवस्था जैसी अपनी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां भी गिनाईं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर एक साथ तीखा हमला बोलते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमा दिया है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। अखिलेश को अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य विदाई के समय कहा जाता है। मुख्यमंत्री बुधवार को एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे।

Trending Videos

चुनौती का सामना करना सन्यासी का दायित्व 

योगी ने सपा की राजनीति को परिवार तक सीमित बताते हुए उसके पीडीए की नई व्याख्या की। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। सपा की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जबकि भाजपा का मतदाता हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है। उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना संन्यासी का दायित्व है।

सपा-कांग्रेस में तालमेल नहीं, चुनाव से पहले ही गठबंधन विफल

मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने इसे चुनाव से पहले ही विफल करार देते हुए कहा कि एक तरफ दोनों दलों की बैठकें चल रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। दोनों दलों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने प्याज भी खाया और जूता भी। योगी ने स्पष्ट किया कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
 

घुसपैठियों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए। मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाने जरूरी हैं। किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए, लेकिन विदेशी नागरिक को मतदान का अधिकार नहीं मिल सकता।

कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक पहुंचा प्रदेश

सीएम ने कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर पिछली सरकारों को निशाने पर लिया। कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था थी। उस समय कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं। 
 
विज्ञापन

देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत यूपी में तैयार हो रहा है। एमएसएमई और ओडीओपी के माध्यम से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट वर्ष 2017 के मुकाबले तीन गुना से अधिक बढ़े हैं। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में यूपी की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, अब 17 संचालित हैं। इनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो चल रही है।

नौकरी और सुरक्षा के मुद्दे पर भी गिनाईं उपलब्धियां

योगी ने बताया कि अब तक पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 26 जनवरी तक यह संख्या साढ़े दस लाख करने का लक्ष्य है। पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट दिए गए और दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट देने की तैयारी है। युवाओं को एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 

महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा पर मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए दो ही जगह हैं, जेल या जहन्नुम। उन्होंने चार लाख मकान खरीदारों को आवास दिलाने और नोएडा जाने से जुड़े पुराने अंधविश्वास को तोड़ने का भी जिक्र किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें