मुंबई पहुंचे यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सभी को महाकुंभ में आमंत्रित किया। कहा कि इसमें 40 करोड़ श्रद्धालु आएंगे। उन्होंने कहा कि जिस यूपी की जीडीपी 2012 से 2017 तक महज 12.5 लाख से 13 लाख करोड़ रुपये थी, वहीं मार्च 2025 में यह 32 लाख करोड़ रुपये हो जाएगी।
सीएम योगी ने कांग्रेस और विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि इन लोगों ने राज्यसभा के सभापति व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के खिलाफ नोटिस दिया है। यह लोग सच बोलने वाले को महाभियोग की धौंस देकर मुंह बंद करने का प्रयास करेंगे।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति शेखर यादव ने समान नागरिक संहिता की बात कही। भारत में बहुसंख्यक समाज के हितों की चर्चा हुई, किसी ने सच्चाई कही तो कौन सा अपराध हुआ। सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि महर्षि वेदव्यास, आरएसएस या भाजपा से नहीं जुड़े थे लेकिन अत्यंत ज्ञानी राहुल गांधी जैसे विद्वान यह भी कह देंगे कि वेदव्यास संघ की शाखा में गए होंगे।
सीएम योगी ने कहा कि विरासत व विकास का समन्वय कैसे आगे बढ़ सकता है। यह उत्तर प्रदेश ने करके दिखाया। वर्ष 2014 के पहले काशी में सालभर में 50 लाख पर्यटक आ पाते थे और इस वर्ष 16 करोड़ पर्यटक आए हैं। वर्ष 2023 में यूपी में 62 करोड़ से अधिक पर्यटक आए थे, पहले यह संख्या किसी तरह पूरे वर्ष में एक-डेढ़ करोड़ होती थी।
योगी ने कहा कि जब हम आए थे तो यूपी दसवीं अर्थव्यवस्था थी। अब यह देश की जीडीपी में 9.2 फीसदी हिस्सेदारी दे रहा है। अब यूपी से पलायन नहीं होता है। पीएम ने अयोध्या में श्रमिकों के श्रम का सम्मान कर पुष्पवर्षा की। दूसरी तरफ ऐसे भी शासक थे, जो ताजमहल बनाने वालों के हाथ काट देते थे। कार्यक्रम में स्वामी विज्ञानानंद, आयोजन समिति के सचिव रविकांत मिश्र, आरएसएस मुंबई महानगर के संघचालक सुरेश भगेरिया और स्वदेश खेतावत आदि मौजूद रहे।