राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों और मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए। इनमें इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड, एसेंट सर्किट प्राइवेट लिमिटेड, अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड को औद्योगिक इकाइयों तथा बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट को मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि आवंटित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए स्वर्णिम काल है और सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग दे रही है।
फॉक्सकॉम के संयुक्त उपक्रम इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड को 48 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी 3706.15 करोड़ रुपये का निवेश कर सेमीकंडक्टर चिप का उत्पादन करेगी। एसेंट सर्किट प्राइवेट लिमिटेड को 16 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी 3250 करोड़ का निवेश कर फ्लेक्सिबल पीसीबी, सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का उत्पादन करेगी। अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड को 100 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी 3532 करोड़ का निवेश कर कॉपर क्लेड लेमिनेट्स, पीसीबी असेंबली, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड अप्लायंसेज का उत्पादन करेगी। बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट को मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए 20.50 एकड़ भूमि दी गई है। इसकी स्थापना 532.18 करोड़ से होगी।
सीएम ने कहा यूपी को उप्र वैश्विक निवेश सम्मेलन के माध्यम से 45 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हो चुका है। इसमें से 15 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। जल्द 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के और प्रस्ताव जमीन पर उतारे जाएंगे। सीएम ने कहा, हमें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित जनशक्ति उपलब्ध करानी होगी।