सीएम योगी ने कहा कि चुनाव देश के भाग्य को बनाने-बिगाड़ने वाले होते हैं। 1946 में भी ऐसा चुनाव हुआ था, जिसने भारत के भाग्य को दुर्भाग्य में बदल दिया था। उन्होंने यूपीए व एनडीए गठबंधन का फर्क समझाया। बोले-2014 के पहले कांग्रेस नेतृत्व की यूपीए सरकार देश की कीमत पर पाकिस्तान से संबंध बना रही थी, जबकि नए भारत में पाकिस्तान को आज भी एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक के सपने आते हैं। दुश्मन के अंदर भय होना चाहिए, यह तभी होगा जब भारत मजबूत होगा। कांग्रेस के समय महाराष्ट्र के अंदर सर्वाधिक किसानों ने आत्महत्या की, लेकिन आज किसान सम्मान निधि प्राप्त कर रहा है। सीएम ने कहा कि यूपी के दुर्दांत मााफिया को कांग्रेस ने कई महीनों तक अपने एक राज्य सरकार के अधीन सुरक्षा कवच पहनाकर रखा था। हम लोग सुप्रीम कोर्ट तक लड़े, आज जहन्नुम की यात्रा पर भेज दिया है।
कांग्रेस के अस्तित्व को समाप्त करने का समय आ चुका
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस को 60-65 वर्ष तक शासन का अवसर मिला, लेकिन उन्होंने राम मंदिर का निर्माण नहीं कराया, क्योंकि राम उनके एजेंडे में थे ही नहीं। वे कहते थे कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं, लगता है कि सृष्टि के प्रारंभ में कांग्रेस ही पैदा हुई थी, इसलिए 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' लिख दिया। जो कांग्रेस हमारे अस्तित्व को नकारने का प्रयास करती है, उस कांग्रेस के अस्तित्व को समाप्त करने का समय आ चुका है। यह देश तुष्टिकरण से नहीं, संतुष्टिकरण से चल रहा है। सीएम योगी ने कहा कि हरियाणा की हैट्रिक के बाद महाराष्ट्र व झारखंड में भी डबल इंजन सरकार ही बनेगी।
भारत में रहकर पाकिस्तान का झंडा लहराने वाले को वहीं भेज देना चाहिए
सीएम योगी ने कहा कि जो भारत के अंदर रहकर पाकिस्तान का झंडा लहराएगा तो उसे वहीं भेज देना चाहिए। यहां रहकर भारत मां के प्रति अपशब्द, दैवीय महापुरुषों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं है। सीएम ने महाराष्ट्रवासियों को 2025 प्रयागराज महाकुंभ में आमंत्रित किया।
सीएम योगी ने महापुरुषों को किया याद
सीएम योगी ने कहा कि महाराष्ट्र भारत की प्रेरणा भूमि है। सीएम ने महाराष्ट्र की धरती पर छत्रपति शिवाजी महाराज, बाल गंगाधर तिलक, साहू जी महाराज, पेशवा बाजीराव, वीर सावरकर, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को याद किया। उन्होंने कहा कि नागपुर की धरती ने दुनिया के सबसे बड़े सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन आरएसएस की नींव रखी।