उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रयागराज के माघ मेले और वृन्दावन व मथुरा में प्रस्तावित 16 फरवरी से 28 मार्च तक आयोजित होने वाले संत समागम-2021 की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन महत्वपूर्ण हैं। इन्हें प्रयागराज कुम्भ-2019 की तरह स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था के उच्च मापदण्डों के आधार पर आयोजित किया जाए। आयोजनों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन हर हाल में सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में गंगा और वृन्दावन व मथुरा में यमुना की निर्मलता व अविरलता सुनिश्चित की जाए। इन दोनों आयोजनों के सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित विभाग अपने स्तर पर निरन्तर समीक्षाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्य सचिव स्तर पर साप्ताहिक व पाक्षिक समीक्षा करते हुए आयोजनों की तैयारियों और प्रगति से मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए।