अमर सेनानी राना बेनीमाधवबक्श सिंह जयंती पर एफजी कॉलेज के इंदिरा गांधी सभागार में आयोजित भाव समर्पण समारोह के दौरान बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राना बेनीमाधवबक्श सिंह की स्मृति में एक सभागार का शिलान्यास किया। जमीन चिन्हित करके जल्द ही सभागार का निर्माण कार्र्य शुरू होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अवध केसरी पुस्तक का विमोचन भी किया।
करीब 12 बजे मुख्यमंत्री का जिले आगमन हुआ। सबसे पहले मुख्यमंत्री ने नेहरू रेलवे क्रासिंग स्थित रानरा बेनीमाधवबक्श सिंह की प्रतिमा पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित शहीद चौक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सीएम ने एफजी कॉलेज के परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा राना बेनी माधव के जीवन तथा विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यहां के बाद मुख्यमंत्री एफजी कॉलेज स्थित इंदिरा गांधी सभागार पहुंचे और वहां पर भाव समर्पण समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्व के दौरान परमवीर चक्र से अलंकृत योद्वा सूबेदार संजय कुमार को राना बेनी माधवबख्ष सिंह स्मृति शौर्य सम्मान से सम्मानित किया। साहित्य के क्षेत्र में मध्य प्रदेश के नव गीतकार अनूप अषेष शिव बहादुर सिंह भदौरिया स्मृति साहित्य सम्मान, समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृट कार्य करने के लिए अर्पित यादव को वीरा पासी स्मृति सेवा सम्मान, पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर शमशेर सिंह को दिलीप सिंह स्मृति सम्मान से सम्मानित किया। सीएम के हाथों से सम्मानित होने पर सभी का चेहरा खुशी से खिल उठा। सभी ने इसके लिए मुख्यमंत्री और समिति के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष व पूर्व विधायक इंद्रेश विक्रम सिंह, पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक गजाधर सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, उपमेंद्र सिंह, आशुतोष सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उनका सम्मान किया। साथ ही कार्यक्रम में शिरकत करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
दो मंत्री और दो विधायकों ने भी लिया भाग
एफजी कॉलेज स्थित इंदिरा गांधी सभागार में आयोजित भाव समर्पण समारोह में प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री मयंकेश्वरशरण सिंह के अलावा सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कोरी ने भी भाग लिया। मंत्रियों ने कहा कि राना बेनी माधव बख्श सिंह भारत माता के महान सपूत तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उनका जीवन देश की आजादी एवं स्वाधीनता भारत की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को बनाए रखने के लिए समर्पित था। विधायकों ने कहा कि देश को आजाद कराने वाले वीर सपूतों को हम कभी भुला नहीं सकते हैं। उन्हीं की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
भाजपाइयों ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भाजपाइयों ने जोरदार स्वागत किया। जिलाध्यक्ष रामदेव पाल, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश श्रीवास्तव, पुष्पेंद्र सिंह, विजय वाजपेयी, जेपी सिंह के अलावा शशांक सिंह राठौर, हर्षवर्धन तिवारी, ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर सीएम का स्वागत किया।