सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश से नुकसान का 24 घंटे में आकलन कराएं, प्रभावितों को तत्काल क्षतिपूर्ति दें। जलभराव दूर करने और बिजली बहाली के लिए 48 घंटे की समय सीमा तय की है। साथ ही अधिकारियों को मौके पर रहने के निर्देश दिए हैं। आगे पढ़ें विस्तार से...
उत्तर प्रदेश में बारिश और अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनहानि, पशुहानि और फसल हानि का आकलन 24 घंटे में पूरा कर प्रभावितों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति देने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
सीएम ने जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने, बिजली आपूर्ति बहाल करने और प्रभावित इलाकों में पानी निकालने के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा है। अधिकारियों को अगले 48 घंटे में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने और वहां फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों के जिलाधिकारियों से लेकर संबंधित विभागों के सभी अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और मौके पर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।