यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अमरनाथ हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, ये घटना अनंतनाग के पास घटित हुई है। हम लोग इस घटना की पुरजोर निंदा करते हैं और आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में हम सबको अपना योगदान देकर इसे सफल बनाना चाहिए। इस हमले में 7 श्रद्धालुओं के मारे जाने की सूचना है।
योगी ने कहा, प्रधानमंत्री ने इस पूरी घटना की समीक्षा खुद की है और सभी को सुरक्षा देने की हिदायत दी है। ये एक कायराना कृत्य है और सारे देश को इसकी निंदा पुरजोर तरीके से करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, आतंकवाद के खिलाफ सभी को आवाज उठानी चाहिए। इस घटना के बाद हमने यूपी गृहमंत्रालय की बैठक की है। सावन का पवित्र महीना है इस दौरान यूपी में भी लाखों की संख्या में लाखों श्रद्धालुजन इस धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होते हैं।
इसको देखते हुए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षा देने की व्यवस्था की है। हमने कांवड़ यात्रियों से भी अपील की है। ये देखा जाता है कि जहां भीड़-भाड़ होती है वहां शरारती तत्व लाभ उठाकर कोई भी समस्या पैदा कर सकते हैं। इसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। हमने दोनों तरफ से व्यवस्था की है। कांवड़ यात्रा में जाने वाले श्रद्धालुओं से भी कहा है कि क्या होना चाहिए या क्या नहीं वहीं ये भी व्यवस्था की गई है कि उनकी भावनाएं आहत न हों। सीएम के साथ नेता विपक्ष रामगोविंद ने भी कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हमें आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होना होगा।