नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद लोगों का देश की व्यवस्था में विश्वास बहाल हुआ है। चीन जैसे देशों को भी भारत ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कोई हमें छेड़ेगा तो उसे छोड़ेंगे नहीं।
जबकि, पहले चीन और पाकिस्तान के जवान अक्सर भारत की सीमा में अंदर तक घुस आते थे। सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, जिन्होंने देश को 50-60 वर्ष तक लूटा, वे हमसे 5 महीने का हिसाब मांग रहे हैं।
हमने तो झाड़ू उठा ली है और समाज की सफाई करके ही मानेंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 181 डायल सेवा शुरू की है। 64 रेस्क्यू वैन भी चलाई हैं। सरकारी योजनाओं के तहत स्वयं सहायता समूह बनाकर महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।
गोरखपुर की बिजली कटेगी तो इटावा-मैनपुरी को भी नहीं मिलेगी
सीएम ने कहा, उन्होंने बिजली वितरण में भेदभाव खत्म कर दिया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद गोरखपुर में 24 घंटे सप्लाई शुरू कर दी गई तो उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। हां, इतना जरूर कहा कि गोरखपुर की बिजली कटेगी तो इटावा, मैनपुरी और रामपुर की भी बिजली कटेगी।
अखिलेश, मुलायम और मायावती से करता हूं बात
सीएम ने कहा, मैं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मायावती से अक्सर चर्चा करता हूं। सपा के संस्थापक अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को तो फोन भी करता हूं। लेकिन, वे सब सत्ता में इतने ज्यादा लिप्त हो चुके हैं कि उनसे विकास के मुद्दों पर साथ आने की कोई उम्मीद नहीं। अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में इनके आसपास एक आदमी नहीं दिखेगा।
उत्कृष्ट काम करने वाली महिलाएं सम्मानित
कार्यक्रम में बागपत की 86 वर्षीय निशानेबाज महिला चंद्रो तोमर, वृंदावन की समाजसेविका लक्ष्मी गौतम, वाराणसी की वित्तीय सलाहकार माधुरी दीक्षित , मिर्जापुर की समाज सेविका नंदिनी मिश्रा, स्त्री रोग विशेषज्ञ नीलम सिंह, देवारिया की ज्वैलरी डिजाइनर पूजा शाही, आजमगढ़ की रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर सत्या सिंह, हेल्थ एक्टिविस्ट सपना उपाध्याय, एजुकेशन एक्टिविस्ट जैनब खान और शिक्षाविद रेखा सिंह और अलेख शरन को सम्मानित किया गया।