हमीरपुर के मौदहा क्षेत्र में कंस मेले के जुलूस के दौरान हुए बवाल से नाराज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीजीपी ओमप्रकाश सिंह को तलब कर पूरी रिपोर्ट ली। पहले से जानकारी होने के बाद भी स्थिति को काबू करने में विफल रहे हमीरपुर के एसपी अजय कुमार सिंह पर गाज गिर सकती है। साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुई अन्य घटनाओं को लेकर डीजीपी से नाराजगी जाहिर की।
हमीरपुर मामले में डीजीपी ने मुख्यमंत्री को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि रास्ते को लेकर विवाद था, जिसे सुलझाने की लगातार कोशिश की जा रही थी। डीआईजी चित्रकूट वहां पहले से कैंप कर रहे हैं और एडीजी इलाहाबाद को भी मौके पर भेजा गया है। आसपास के जिलों की फोर्स भी भेज दी गई है।
उन्होंने बताया कि रास्ते को लेकर वहां पहले से तनाव था, जिसे देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। डीआईजी को पहले से ही मौके पर भेज दिया गया था। बीते कुछ दिनों में बरेली, इलाहाबाद, प्रतापगढ़ की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की।
डीजीपी ने एसएसपी अलीगढ़ को किया तलब
हमीरपुर में हिंसा के दौरान भीड़ को काबू में करती पुलिस (फाइल)
- फोटो : amar ujala
मुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बताया कि रास्ते को लेकर वहां पर विवाद था। मेला समिति के लोग नई परंपरा के साथ जुलूस ले जाना चाहते थे, जिसकी अनुमति जिला प्रशासन ने नहीं दी थी। इसे देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। जुलूस में शामिल लोग नए रास्ते से जाना चाहते थे, जिसे पुलिस कर्मियों ने रोका और पुलिस व पब्लिक के बीच हल्की झड़प हुई। उन्होंने बताया कि अब स्थिति सामान्य है।
डीआईजी पहले से कैंप कर रहे हैं और एडीजी इलाहाबाद भी मौके पर पहुंच रहे हैं। दोनों ही अधिकारी स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक वहीं रहेंगे। उधर, अलीगढ़ पुलिस द्वारा मीडिया कर्मियों को बुलाकर लाइव एनकाउंटर करने के मामले में डीजीपी ने एसएसपी अलीगढ़ अजय साहनी को पूरे दस्तावेजों के साथ तलब किया और मीडिया में चल रही खबरों की पूरी हकीकत जानी।