फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा के आठ वर्ष: बीमारू राज्य से देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना UP..., सीएम योगी बोले- आज कानून का राज

Mon, 24 Mar 2025 12:10 PM IST
भूपेन्द्र सिंह अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

Eight years of Yogi government: यूपी में योगी सरकार के आठ साल पूरे होने पर प्रदेश भाजपा इसे उत्सव के रूप में मना रही है। इस मौके पर सोमवार से विविध आयोजन शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में सीएम योगी आदित्यनाथ प्रेस वार्ता कर रहे हैं। 
विज्ञापन
CM Yogi Adityanath Live: सीएम ने पुस्तिका जारी की - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पत्रकार वार्ता की। इस मौके पर उन्होंने सरकार के आठ वर्षों की उपलब्धियों पर जारी एक पुस्तिका का विमोचन किया। इसके बाद सरकार की 'सेवा, सुरक्षा और सुशासन नीति' पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी जारी की। 

विज्ञापन


इस अवसर पर सीएम योगी ने समर्थन देने के लिए आमजनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आठ वर्षों में किसानों के उत्थान, बेरोजगारों को रोजगार देने के साथ परंपरागत उद्यमिता को आगे बढ़ाया गया। साथ ही मातृशक्ति के स्वावलंबन के लिए जो कार्य किए गए, इसके लिए जनपद मुख्यालयों में तीन दिन दिवसीय कार्यक्रम चलाए जाएंगे। लोगों को इसके बारे में जानकारी दी जाएगी। 



सीएम ने आगे कहा कि पहले दंगों और आतंक को लोगों ने देखा है। आठ वर्ष पहले यूपी बीमारू राज्य माना जाता था। आज वही प्रदेश अर्थ शक्ति के रूप में उभरा है। पहले यूपी विकास का ब्रेक माना जाता था। आज वही प्रदेश विकास का उदाहरण बनकर उभरा है। प्रदेश वही है, जनता वही है, सिस्टम वही है, सिर्फ सरकार बदलने मात्र से बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। 
विज्ञापन


यह भी पढ़ेंः- सीएम योगी के निर्देश: त्योहारों पर सतर्क रहे पुलिस, न शुरू हो कोई नई परंपरा; शोभायात्राओं पर रखें विशेष निगाह

सीएम ने कहा कि 2017 से पहले किसान आत्महत्या करता था। जिस प्रदेश में तकनीकि का उपयोग करके किसान को समृद्ध बनाया जाना चाहिए था, वहां पर किसानों के लिए कुछ नहीं किया गया। आज प्रदेश की जीडीपी में 28 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। किसानों को किसान सम्मान निधि के माध्यम से करोड़ों रुपये सीधे खाते में भेजे गए। 

चीनी मिलें बंद करने की जगह नई मिलें स्थापित कीं- सीएम

प्रदेश में सिंचाई की व्यापक व्यवस्था की गई। हमने प्रदेश में कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित किए। कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की। इसका नतीजा हुआ कि दलहनी, तिलहनी फसलों के साथ अन्य फसलों का उत्पादन बढ़ा। पहले चीनी मिलें बंदी की कगार पर थीं। करोड़ों रुपये किसानों का बकाया था। हमने इसमें बदलाव किया। हमने चीनी मिलें बंद नहीं होने दीं। साथ ही छह मिलें स्थापित कीं। 

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज 177 लाख लीटर एथेनाल का उत्पादन प्रदेश में हो रहा है। हमने 14 लाख निजी नलकूपों को बिजली की निःशुल्क व्यवस्था देकर किसानों को समृद्ध बनाया। सरकार ने 2023-24 में गेहूं की खरीद के पहले करीब ढाई गुना खर्च किया। धान के क्रय में पहले की सरकारों की अपेक्षा 2017-2024 के बीच पांच गुना अधिक धान का मूल्य डीबीटी से किसानों के खाते में भेजा गया।  

पारदर्शी व्यवस्था से पुलिस कर्मियों की भर्ती पूरी की

2017 से पहले न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी। हर दूसरे-तीसरे दिन दंगा होता था। आज प्रदेश में कानून का राज है। महाकुंभ इसका उहादारण है। इतने बड़े आयोजन के बाद भी एक भी घटना नहीं घटित हुई। प्रदेश वही है, लेकिन सरकार बदलने से बड़ा बदलाव आया है। 

पारदर्शी व्यवस्था से सरकार ने एक लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती पूरी की। हाल ही में 60 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी हुई है। 2017 से पहले 10 जनपदों में पुलिस लाइन नहीं थी। बैरक खराब पड़े थे। आज उन जिलों में या तो पुलिस लाइन का काम पूरा हो गया है, या निर्माणाधीन है।  

एक करोड़ से अधिक महिलाओं को दी गई घरौनी

आज पीआरवी 112 के रेस्पांस टाइम में बेहतर सुधार हुआ है। पहले 15 मिनट से अधिक था, आज यह रेस्पांस टाइम सात मिनट तक रह गया है। नारी सशक्तीकरण में यूपी ने बेहतर काम किया। अभी होली पर जो पुलिस की भर्ती संपन्न हुई, उसमें 12 हजार से अधिक महिलाओं को शामिल किया गया है। 

सीएम ने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक पढ़ाई के लिए दी जाने वाली 25 हजार की सहायता राशि से हजारों बेटियां लाभान्वित हो रही हैं। प्रदेश में 4.76 लाख से अधिक सामूहिक विवाह संपन्न कराए गए हैं। एक करोड़ से अधिक महिलाओं को घरौनी देने का काम किया गया है। पहले प्रदेश का युवा अपनी पहचान के लिए मोहताज था। आज समाज का कोई भी व्यक्ति जब बाहर जाता है, तो उसके सामने पहचान छिपाने की मजबूरी नहीं होती है। पहले बेरोजगारी दर 19 फीसदी से अधिक थी। आज यह घटकर तीन फीसदी रह गई है।   

विश्वकर्मा श्रम शक्ति योजना के तहत प्रशिक्षण देकर टूल किट उपलब्ध कराई जा रही

सीएम ने आगे कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट से युवाओं को जोड़ा गया। इसके माध्यम से रोजगार देने का काम किया गया। युवाओं को टैबलेट या फोन देकर उन्हें डिजिटली सक्षम बनाया गया है। विश्वकर्मा श्रम शक्ति योजना के तहत प्रशिक्षण देकर टूल किट उपलब्ध कराई जा रही है। 

पहले यूपी में कुछ लोग नकल को जन्मसिद्ध अधिकार मानते थे, आज वहां नकल विहीन परीक्षा कराई जा रही है। स्कूलों में सुधार किया जा रहा है। अब कहीं पर भी जर्जर स्कूल नहीं होंगे। हर कमिश्नरी में एक राज्य विश्व विद्यालय स्थापित किए गए। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हर जिले में प्रधानमंत्री अभ्युदय कोचिंग संचालित है।  

लोग बोलते थे-जहां से गड्ढे शुरू... वहीं से यूपी

सीएम ने आगे कहा कि 56 लाख गरीब लोगों को आवास उपलब्ध कराया गया। एक करोड़ छह लाख लोगों को वृद्धावस्था, दिव्यांग या विधवा पेंशन दी जा रही है। पहले वृद्धावस्था पेंशन 300 रुपये दी जाती थी। हमने इसे बढ़ाकर एक हजार कर दिया। 

पहले लोग कहते थे, जहां से सड़कों में गड्ढे शुरू हो जाएं, वहीं से मान लेना यूपी आ गया। आज प्रदेश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे यूपी के पास हैं। छह एक्सप्रेसवे शुरू हैं। 11 पर हम काम करने जा रहे हैं। देश में सबसे अधिक रेलवे नेटवर्क यूपी के पास है। आज हर जनपद मुख्यालय फोर लेन के साथ जुड़ा है। हमारी इटंरस्टेट कनेक्टिविटी फोर लेन है।  

हमने जनता पर बिना टैक्स लगाए बेहतर परिणाम दिया-सीएम

सीएम ने कहा कि आज प्रदेश सरकार के कार्यों से परिणाम सामने है। प्रदेश अर्थव्यवस्था में नंबर दो का राज्य है। हमारी सरकार ने पहले ही फैसले में किसानों के लिए कर्जमाफी और राज्य कर्मचारियों के लिए 7th पे कमीशन लागू किया। हमने जनता पर बिना टैक्स लगाए एक बेहतर परिणाम दिया। 

आज यूपी एक रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। रोजगार की संभावनाएं बनी हैं। प्रदेश में निवेश आ रहा है तो रोजगार के साथ परिवारों के चेहरे पर खुशहाली है। 70 वर्षो में 'पर कैपिटल इनकम' 46 हजार थी। आज यह एक लाख 24 हजार पहुंच गई है। बैंकिंग तंत्र अर्थव्यवस्था को नया आयाम देता है। आज बैंकिंग व्यवसाय 29 लाख 66 हजार करोड़ हो गया है। 
विज्ञापन

आठ वर्ष की उपलब्धियों के साथ जनसंवाद करेगी भाजपा

ज्ञात हो कि योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर यूपी भाजपा उत्सव मना रही है। इसकी शुरुआत सोमवार से हो गई। यह उत्सव 14 अप्रैल तक मनाया जाएगा। इसके तहत भाजपा प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियों के साथ जनसंवाद करेगी। इस क्रम में जिला स्तर पर कार्यशालाएं होंगी।   

अभियान के प्रदेश संयोजक व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की अगुवाई में 'उत्तर प्रदेश का उत्कर्ष-भाजपा सरकार के 8 वर्ष' के संदेश के साथ सरकार की उपलब्धियों को लेकर भाजपा जनमानस तक पहुंचेगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें