रामलला के दर्शन करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : amar ujala
जिले के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार शाम आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां 20 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। वे नंदीग्राम(भरतकुंड) की सभा में नई विकास परियोजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी 2225 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें शहर और देहात क्षेत्र की अन्य परियोजनाओं के साथ 9.67 करोड़ की लागत से तैयार समदा झील, 54.33 करोड़ की लागत से तैयार दर्शननगर-भरतकुंड मार्ग, 54.37 करोड़ की लागत से तैयार गुप्तार घाट बंधा, गुप्तारघाट पर 111.24 करोड़ रूपये की लागत विकसित होने वाली जनसुविधाएं, सवा करोड़ की लागत से गणेशकुंड सहित छह कुंडों के सौंदर्यीकरण की परियोजना शामिल हैं।
सीएम योगी यहां 11632 करोड़ की नई परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। अन्य परियोजनाओं के साथ इनमें लगभग साढ़े 11 सौ करोड़ की लगभग 23 किमी के 14 कोसी परिक्रमा पथ और लगभग पौने पांच सौ करोड़ की लागत से 10.32 किमी पंचकोसी परिक्रमा पथ के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण, लगभग 65 करोड की लागत से अयोध्या में एनएच-27 से पुराने पुल तक सड़क निर्माण और 33 करोड़ की लागत से चिकित्सा महाविद्यालय इमरजेंसी चिकित्सा कार्य की परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा पहली बार नंदीग्राम में सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के अंदरखाने में चर्चा है कि यहां मुख्यमंत्री भरतकुंड के विकास सहित अन्य कुछ कार्यों के लिए घोषणा कर सकते हैं।