सीएम योगी ने जेम्स एंड ज्वैलर्स पार्क की स्थापना का आह्वान करते हुए इसे यूपी की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इबजा से एक ऐसा मॉडल तैयार करने का आग्रह किया, जिसमें डिजाइन, तकनीक, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, सप्लाई चेन और निर्यात को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि यूपी 25 करोड़ की आबादी वाला विशाल राज्य है और आसपास के क्षेत्रों को जोड़कर यह 30 करोड़ लोगों के व्यापार, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा की जरूरतों को पूरा करता है। सीएम ने कहा कि इस बाजार का लाभ उठाने के लिए हमें आधुनिक दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार सुरक्षा और संवाद के माध्यम से व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।
सीएम ने की सेफ सिटी और तकनीकी प्रगति की चर्चा
मुख्यमंत्री ने सेफ सिटी के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम, जो पहले 25-30 मिनट था, अब 7-8 मिनट तक कम हो गया है। इसके अलावा, 2017 में जहां पूरे प्रदेश में केवल एक साइबर थाना था, वहीं आज हर जनपद में साइबर थाना और हेल्पडेस्क स्थापित किए गए हैं। फॉरेंसिक अपराधों को रोकने के लिए हर जनपद में थाना और लैब्स की स्थापना की गई है और पिछले साल एक फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट भी स्थापित किया गया है। सीएम ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों से सीसीटीवी कैमरों का उपयोग बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले डीवीआर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते थे, लेकिन अब बिना डीवीआर वाले आधुनिक कैमरे लगाए जा रहे हैं। इस तकनीक ने बड़ी घटनाओं का त्वरित अनावरण संभव बनाया है। यूपी पुलिस किसी भी अपराधी के दुस्साहस को मिनटों में चकनाचूर कर सकती है।
व्यापारियों से की अपील, जताया विश्वास
अंत में सीएम योगी ने इबजा और व्यापारियों से अपील की कि वे इस अनुकूल माहौल का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि जेम्स एंड ज्वैलर्स उद्योग न केवल यूपी, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार, और नई पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपके साथ है। हम मिलकर यूपी को एक नई दिशा देंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, इबजा के राष्ट्रीय सचिव सुरेन्द्र मेहता, नॉर्थ इंडिया हेड अनुराग रस्तोगी, डायरेक्टर सुमित रस्तोगी, अजय रस्तोगी, अजय अग्रवाल, धर्मेन्द्र गुप्ता, उमेश पाटिल सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं व्यापारी मौजूद रहे।