प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं के एवज में सेना को जमीन मुहैया न कराने पर सीएम ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जहां सप्ताह भर के भीतर जमीन देने का आदेश दिया, वहीं देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए भी कहा। कई जिलों में भूतपूर्व सैनिकों के इलाज के लिए पॉली क्लीनिक खोलने के लिए जमीन न देने को भी काफी गंभीरता से लिया।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लोकभवन में ‘सिविल-सैन्य संपर्क सम्मेलन-2019’ का आयोजन किया गया। इसमें सेना व सिविल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार सेना से संबंधित प्रकरणों का शीघ्रता से और समयबद्ध निस्तारण के लिए पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को जरूरी निर्देश देते हुए कहा कि प्रकरणों के समाधान में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना अपने शौर्य और पराक्रम के लिए पूरी दुनिया में सराही जाती है। प्रत्येक नागरिक को भारतीय सेना पर गर्व की अनुभूति होती है। समस्याओं के समाधान का सबसे अच्छा माध्यम आपसी बातचीत ही है।
उन्होंने लखनऊ स्थित फन मॉल के पीछे सेना के कब्जे की जमीन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश भी दिए। कहा कि इस जमीन के बराबर ही जमीन सेना को प्रदेश में अन्यत्र देने का प्रस्ताव न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए। मामले में न्यायालय के निर्देश के अनुसार ही कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित लोक निर्माण विभाग की लंबित चार परियोजनाओं को सेना की स्वीकृति के बदले में सहारनपुर में सेना को सप्ताह भर के भीतर जमीन देने के निर्देश दिए। इस प्रकरण में देरी के लिए संबंधित अधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाए।
उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों को इलाज की सुविधा के लिए ईसीएचएस पॉली क्लीनिक निर्माण के लिए 10 जिलों में भूमि मुहैया कराने को लेकर भी समीक्षा की। बागपत, मिर्जापुर, लखीमपुर खीरी, बिजनौर और रामपुर में अभी तक भूमि न दिए जाने को गंभीरता से लिया। साथ ही इन जिलों में एक सप्ताह के अंदर भूमि चिह्नित कर सेना को प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शहीदों के आश्रितों को तत्काल नौकरी
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने सैन्य ऑपरेशन के दौरान शहीद या दिव्यांग सैनिकों के आश्रितों को ‘डेथ इन हार्नेस’ योजना के अंतर्गत सेवायोजित करने के लिए शासनादेश जारी किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत योग्य अभ्यर्थी का सेवायोजन हर हाल में होना चाहिए।
बक्शी का तालाब एयरफोर्स स्टेशन के पास जलभराव की समस्या होगी दूर सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने वायुसेना स्टेशन बक्शी का तालाब के इर्दगिर्द के क्षेत्र में जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए नगर विकास विभाग को आवश्यक निर्देश भी दिए।
पौधरोपण अभियान में सहयोग करेगी सेना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में 1 जुलाई से वन महोत्सव कार्यक्रम प्रारंभ होगा। 15 अगस्त को राज्य सरकार ने एक दिन में 22 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य तय किया है। सम्मेलन में सेना की तरफ से मौजूद जीओसीए मध्य यूपी सब एरिया मेजर जनरल प्रवेश पुरी ने इस कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
संगम क्षेत्र में अवैध पार्किंग वसूलने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रयागराज में संगम क्षेत्र में पार्किंग के लिए श्रद्धालुओं से अवैध वसूली के प्रकरण में मेजर जनरल पुरी ने कहा कि सेना की ओर से पार्किंग के लिए कोई ठेका नहीं दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
सम्मेलन में अपर मुख्य सचिव सचिवालय प्रशासन महेश कुमार गुप्ता ने वर्ष 2018 में आयोजित ‘सिविल सैन्य सपर्क सम्मेलन’ में लिए गए निर्णयों के अनुपालन के संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय, पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल भी मौजूद रहे।