मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि में जमा होने वाली राशि का तीन गुना अंशदान प्रदेश सरकार देगी। पूर्व सैनिकों के पुनर्वास के लिए बैंक ऋण पर चार प्रतिशत ब्याज भी सरकार वहन करेगी। बुधवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘अमर शहीद सम्मान कार्यक्रम’ में उन्होंने पुलवामा हमले में मारे गए शहीदों के परिवारों समेत सेना, अर्ध सैन्यबल और पुलिस के कुल 96 शहीदों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र भी बांटे।
योगी ने कहा कि देश के लिए शहीद होने वालों के परिवारों का सम्मान करना हम सबका साझा दायित्व है। इसलिए प्रदेश सरकार ने 1 अप्रैल 2017 या उसके बाद शहीद होने वाले सेना और अर्ध सैन्य बलों के जवानों के एक आश्रित को उसकी योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया। शहीद के परिवारीजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी याद में स्मारकों का भी सरकार निर्माण करवा रही है।
सीएम ने कहा कि एक अप्रैल 2017 से अभी तक सेना के 15 जवान शहीद हुए हैं। इनमें से 6 जवानों के आश्रितों को इस कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। शेष 9 आश्रित परिवारों में से तीन ने शासकीय सेवा में अनिच्छा जाहिर की है। जबकि, तीन आश्रित परिवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है। एक आश्रित अभी नाबालिग है और एक आश्रित पहले से सरकारी सेवा में हैं। वहीं एक अन्य शहीद के आश्रित को असाधारण पारिवारिक पेंशन स्वीकृत की गई है।