बीजेपी के ट्विटर हैंडल पर सोमवार शाम इंजीनियरिंग कॉलेज के पास छात्रा से छेड़छाड़ की शिकायत ने हड़कंप मचा दिया। सीएम ऑफिस ने तत्काल इस शिकायत को संज्ञान में लेते हुए एसएसपी राजेश कुमार पांडेय को कार्रवाई के आदेश दिए।
आनन-फानन तीन शोहदों को दबोचकर छात्रा के घर पर पेश किया गया जहां उसने मंगलवार को कार्रवाई की बात कही है। एएसपी ट्रांसगोमती मनीराम यादव का कहना है कि शोहदे नाबालिग हैं।
छात्रा अगर कोई लिखित शिकायत करेगी तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएम ऑफिस की तरफ से ट्वीट करके पुलिस की इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई।
एएसपी ट्रांसगोमती ने बताया कि शाम करीब छह बजे अलीगंज निवासी छात्रा इंजीनियरिंग कॉलेज की तरफ से पैदल आ रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन लड़कों ने उससे छींटाकशी शुरू कर दी। छात्रा ने अपने साथ हुई घटना को ट्विटर पर पोस्ट किया।