लगातार उपेक्षित चल रहे बुंदेलखंड के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सियासत और विकास का पासा फेंका। जालौन की एक जनसभा में कहा कि बुंदेलखंड के हर गरीब को समाजवादी पेंशन दी जाएगी। इसके लिए बजट में व्यवस्था की जाएगी। बिजली और पानी का संकट भी इसी साल खत्म हो जाएगा।
जालौन की ग्राम पंचायत छौंक में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने महिलाओं को साड़ी बांटने की घोषणा की थी। लेकिन, सवाल उठता कि हमें तो हरी साड़ी चाहिए थी, लाल दे दी।
इसलिए हमारी सरकार ने हर गरीब को पांच सौ रुपये महीना समाजवादी पेंशन देने का निर्णय किया है। गौरतलब है कि समाजवादी पेंशन के लिए हर जिले में कोटा निर्धारित होता है, लेकिन बुंदेलखंड में कोई कोटा लागू नहीं होगा। इसका फायदा हर गरीब को मिलेगा।