पक्का पुल के पास नया पुल बनकर तैयार हो गया और उसे मंगलवार को नागरिकों के लिए खोल दिया गया। पुल का लोकार्पण मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया। इससे एक तरफ जहां पक्का पुल पर ट्रैफिक का लोड कम होगा, वहीं सीतापुर रोड और हरदोई रोड से आने वाले लाखों लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।
खास बात है कि पुल का निर्माण अगस्त 2015 में शुरू हुआ था, महज 16 महीने में पुल बनकर तैयार हो गया। सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर एके सिंह का कहना है कि आर्च (धनुष) आकार की डिजाइन पर आरसीसी का पहला पुल सेतु निगम ने बनाया है।
अंग्रेजों के समय बने पक्का पुल पर आरसीसी का प्रयोग नहीं हुआ था। अभी तक विदेशों में ही आरसीसी पर आर्च डिजाइन के पुल बनते थे। सेतु निगम ने पहली बार आरसीसी का पुल बनाया है। पेंटिंग का कुछ काम बाकी है, जो बुधवार तक पूरा हो जाएगा। पुल का रखरखाव लोक निर्माण विभाग करेगा।
पुराने पक्का पुल के बीचों-बीच में कोई बड़े वाहन बस या ट्रक के फंसते ही प्रमुख मार्ग सीतापुर रोड का आवागमन ठप हो जाता है। मड़ियांव की तरफ से जाने वाले वाहन शिया कॉलेज की ओर मुड़कर वाया डालीगंज होकर जाते हैं और चौक से आने वाला ट्रैफिक वाया डालीगंज, मोहन मीकिन रोड होकर सीतापुर रोड जाता है।
इस जाम में फंसने वाले छोटे वाहन गली-मोहल्लों से रास्ता तलाश कर निकलने की कोशिश करते हैं। इससे संकरी गलियों में भी जाम लग जाता है। जाम लगने पर अक्सर घंटों वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। नया पुल चालू होने से ट्रैफिक लोड बंटेगा।