यूपी के एटा जिले में जेएस पब्लिक स्कूल की बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत की सूचना है। वहीं करीब 30 से ज्यादा घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि बस में केजी से सातवीं क्लास तक के बच्चे थे। हादसे के बाद एटा पहुंचे मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने अब तक 12 बच्चों ओर एक ट्रक ड्राइवर सहित 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृत बच्चों 8 छात्र और 4 छात्राएं हैं। लखनऊ से एडीजी स्तर के अधिकारी पल पल की रिपोर्ट ले रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक हादसा एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुआ। असदपुर के पास कोहरे के चलते बस बालू लदे ट्रक से टकरा गई। बस में कुल 61 बच्चे सवार थे। सीएम अखिलेश ने इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताया है साथ ही घायलों का मुफ्त इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं कहा कि घायलों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी, राजनाथ सिंह और डीजीपी जावीद अहमद ने भी दुख जताया है। गौरतलब है कि डीएम के आदेश के बावजूद भी स्कूल खुला था। जिलाधिकारी का कहना है, स्कूल की मान्यता रद्द होगी वहीं स्कूल प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं।