सीएम ने विधायकों को दिया होली का तोहफा
- फोटो : Demo
सीएम अखिलेश यादव ने विधायकों को चुनावी साल में बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने विधायकों को आवास देने के साथ पूर्व विधायकों की पेंशन भी बढ़ा दी है।
सीएम अखिलेश यादव ने विधायकों को चुनावी साल में बड़ी सौगातें दीं। विधायक इन्हें सीएम की तरफ से होली का तोहफा मांन सकते हैं। सदन में सभी दलों के नेता हैंडपंप और दूसरी सुविधाओं की लगातार मांग कर रहे थे।
सीएम अखिलेश ने कहा कि विधायक अपने क्षेत्रों में सौ-सौ हैंडपंप लगवा सकेंगे और सौ-सौ हैंडपंपों की रिबोरिंग करा सकेंगे। विधायक दस-दस लोहिया आवास और आठ-आठ किमी सड़क बनवा सकेंगे।
इतना ही नहीं जिन विधायकों के पास निजी आवास नहीं है, उन्हें कीमती फ्लैट दिए जाएंगे। उन्होंने पूर्व विधायकों की पेंशन राशि में दो हजार रुपये मासिक की वृद्धि का भी ऐलान किया। पहले मिलने वाली पेंशन 10 हजार से बढ़कर अब 12 हजार रुपये महीने हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई विधायकों को लोहिया गांव के चयन में तरजीह न दिए जाने की शिकायत रहती है। अब लोहिया गांवों का चयन विधायकों की राय से किया जाएगा।