यादव परिवार में सुलह के बाद सीएम अखिलेश पहली बार सबके सामने चाचा शिवपाल के साथ नजर आए। मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम मीडिया से मुखातिब थे और उनके बगल में उनके चाचा शिवपाल भी थे।
कैबिनेट के फैसले पर बात करने के बाद अखिलेश ने बहुचर्चित सपा संग्राम के बारे में भी बोला। उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे पर अपने प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में जबरदस्त चर्चा हुई है उसका भी जिक्र करना चाहूंगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता, पदाधिकारी और जनता के सामने आज मैं ये कहता हूं कि समाजवादी परिवार जैसा था, वैसा ही है और आने वाले समय में ऐसा ही रहेगा।
हम मिलकर चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं। मौके का फायदा उठाकर जो साम्प्रदायिक ताकतें किसी रास्ते से घुसना चाहती हैं, हम परिवार के लोग उनका मिलकर मुकाबला करेंगे।
अखिलेश ने कहा कि हम मिलकर एक बार फिर से समाजवादी सरकार बनाएंगे और प्रदेश में खुशहाली लाएंगे।