मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है। शासन किसी गुंडा तत्व के सामने नहीं झुकेगा। यदि वे खुद भी कानून का उल्लंघन करेंगे तो कठघरे में खड़े होंगे।
उन्होंने कहा, हमारा काम बोलेगा, काम से हर सवाल का जवाब मिलेगा। योगी ने दावा किया कि 15 जून तक उत्तर प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बुधवार को डीडी न्यूज को दिए साक्षात्कार में यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा, जनता ने जाति व्यवस्था को तोड़कर भाजपा को समर्थन दिया है। सरकार किसी को चेहरा, जाति या मजहब देखकर कार्रवाई करने की इजाजत नहीं देगी। पार्टी या चेहरा देखकर कार्रवाई नहीं होगी। जो असंवैधानिक व अनैतिक होगा, जिससे समाज पर दुष्प्रभाव पड़ेगा, वह उत्तर प्रदेश में नहीं चलने देंगे।
राज्यसत्ता योगी ही चला सकता है, भोगी नहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसत्ता तो योगी ही चला सकता है, भोगी नहीं चला सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवन शैली भी किसी योगी या संत से कम नहीं है।
मोदी जैसे योगी के देश की कमान संभालने के बाद जनता में विश्वास जगा है। मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जिनकी सरकार के तीन साल बाद भी जनता ने उन पर पहले से अधिक विश्वास जताया है। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण है। मोदी का प्रधानमंत्री बनना नए युग की शुरुआत है।
वे पहले दिन से ही दृढ़ता व मजबूती से निर्णय ले रहे हैं, उनकी 60 योजनाओं से देश के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक को लाभ मिला है। योगी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी से प्रेरणा लेकर ही मैंने काम शुरू किया है, उनके मार्गदर्शन में काम करेंगे। यूपी में आमूलचूल परिवर्तन दिखाई देगा।