लखनऊ। स्तन कैंसर का जल्दी पता चले तो इलाज की राह आसान हो सकती है। इसी उद्देश्य से राजधानी के कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट (केएसएसएससीआइ) में महिलाओं के लिए मुफ्त स्तन कैंसर जांच एवं पुनर्वास क्लीनिक शुरू किया गया है। यहां विशेष स्कैनिंग मशीन से जांच के साथ स्तन स्वास्थ्य संबंधी सलाह और उपचार के बाद देखभाल की सुविधा भी मिलेगी। क्लीनिक प्रतिदिन चलेगा।
संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने बुधवार को क्लीनिक का शुभारंभ किया। उन्होंने 30 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं और परिवार में स्तन कैंसर का इतिहास रखने वाली महिलाओं से नियमित जांच कराने की अपील की। यहां कैंसर के कारण स्तन हटवाने वाली महिलाओं को कृत्रिम स्तन लगाने और उसके इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी।
सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. आयुष लोहिया ने बताया कि संस्थान जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के सहयोग से अब तक 500 से अधिक महिलाओं की जांच कर चुका है। जरूरतमंद महिलाओं को आगे की जांच और इलाज के लिए भेजा गया है। सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान से बेहतर इलाज और मरीज के जीवित रहने की संभावना बढ़ सकती है।