मिल एरिया थाना क्षेत्र के मंचितपुर एफ एम सेंटर के पास सडक़ हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : संवाद
अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दूल्हा-दुल्हन को लेकर जा रही कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार दीवानी कचहरी में तैनात लिपिक की मौके पर मौत हो गई।
अयोध्या जिले के मानपुर निवासी मनोज कुमार (40) दीवानी कचहरी में लिपिक पद पर तैनात थे। सुबह वह अपने घर अयोध्या जा रहे थे। मिल एरिया थाना क्षेत्र के मंचितपुर के पास दूल्हा-दुल्हन को लेकर जा रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में मनोज की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। युवक की मौत से चाचा जंग बहादुर समेत अन्य परिजनों में कोहराम मचा है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि चाचा ने हादसे की तहरीर दी है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत
लालगंज (रायबरेली)। लालगंज-रायबरेली मार्ग में वलौली गांव के निकट बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे वृद्ध की मौत हो गई।
जगतपुर थाना क्षेत्र के खस्परी गांव निवासी सर्वेश सिंह (55) पुत्र शीतल वलौली गांव के निकट पैदल जा रहे थे तभी वहां से निकल रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसके चलते वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आननफानन में उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ कार्रवाई की जा रही है।