एलडीए के बाबू पर लगा घूस मांगने का आरोप।
लखनऊ। एलडीए में भूखंड फ्री होल्ड कराने के नाम पर 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्टनगर योजना के भूखंड संख्या एफ-236 के आवंटी सौरभ गुप्ता ने रेंट विभाग के बाबू अमित कुमार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत एलडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह से की है। साक्ष्य के तौर पर ऑडियो क्लिप भी सौंपी है। वीसी ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, आरोपी बाबू को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा गया है।
सौरभ गुप्ता के मुताबिक, उन्होंने 30 सितंबर को लीज होल्ड से फ्री होल्ड कराने के लिए पोर्टल पर आवेदन किया था। इसके बाद पांच अक्तूबर को निर्धारित शुल्क के रूप में 1,63,296 रुपये जमा कर दिए। आरोप है कि 50 दिन बाद भी पोर्टल पर आवेदन की स्थिति अपडेट नहीं हुई। उल्टे गलत ओटीएस पत्र जारी कर दिया गया।
आवंटी का आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर बाबू अमित कुमार ने फोन पर 25 हजार रुपये मांगे। रकम देने से इन्कार करने पर काम में अनावश्यक अड़चनें डाली जाने लगीं। उन्होंने 13 नवंबर को ऑडियो क्लिप अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा को भी सौंपी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर बृहस्पतिवार को पिता के साथ वीसी से शिकायत की।
वीसी ने संयुक्त सचिव सोम कमल को जांच कर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
संयुक्त सचिव सोम कमल ने बताया कि शुक्रवार को दोनों पक्षों को बुलाया गया है। जांच के बाद रिपोर्ट वीसी को सौंप दी जाएगी।