हाईकोर्ट की सख्ती के बाद नगर निगम ने पूरे शहर में 72 घंटे तक का सफाई अभियान चलाने का फैसला किया है। इस दौरान सार्वजनिक स्थान, सड़कों और गलियों से कूड़ा-मलबा उठाया जाएगा। शहर में पड़े कूड़े-मलबे की जानकारी लोग दे सकें, इसके लिए कंट्रोल रूम नंबर के साथ मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है।
अभियान के लिए करीब 400 गाड़ियां और एक हजार से अधिक कर्मचारी काम पर लगाए गए हैं। बुधवार को हाईकोर्ट में सफाई व्यवस्था को लेकर सुनवाई होनी है। इससे पहले नगर निगम ने विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है।
नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि इस दौरान सार्वजनिक स्थान, सड़कों और गली-मोहल्लों में पड़ा कूड़ा-मलवा उठाया जाएगा। किसी निजी व्यक्ति के प्लॉट या जमीन पर पड़ा कचरा अभियान का हिस्सा नहीं होगा, बल्कि ऐसे लोगों के खिलाफ निगम एनजीटी के नियमों के तहत कार्रवाई करेगा। उन्होंने शहरवासियों से कंट्रोल रूम पर फोन कर गंदगी की शिकायत करने की अपील की है।
शिकायतें दूर करने को अलग से गाड़ियां
अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि जो शिकायत या जानकारी शहरवासी कंट्रोल रूम या मोबाइल नंबर पर देंगे उन स्थानों से कूड़ा-मलबा उठवाने को हर जोन में अलग से गाड़ियां रहेंगी। हर जोन के लिए गाड़ियां आवंटित कर दी गई हैं। जोन एक में 9, जोन दो में 14, जोन तीन में 11, जोन चार में 6, जोन पांच में 4, जोन छह में 11, जोन सात में 4 और जोन आठ में चार गाड़ियां रहेंगी।