डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष के दिव्यांग छात्र की उसके सहयोगियों व कुछ वरिष्ठों ने 27 मार्च की देर रात पिटाई कर दी। दो दिन में इस पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो छात्र ने पारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस पड़ताल में जुटी है। बीए प्रथम वर्ष का छात्र राजन गुप्ता 27 मार्च की रात रेलवे भर्ती का फार्म भरकर हॉस्टल स्थित कमरे में पहुंचा। आरोप है कि गेट पर घात लगाए बीए प्रथम वर्ष के कन्हई लाल, एमए प्रथम वर्ष के सत्येंद्र कुमार, बीए तृतीय वर्ष केशौकत अली, राजेश कुमार गंगवार, सनोज बेजामिन ने हमला कर दिया।
सभी ने उसे पीटा और भागने से पहले अगल-बगल के सहयोगियों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी। राजन के मुताबिक, उसने विश्वविद्यालय प्रशासन को इसकी जानकारी दी। दूसरे दिन तक इंतजार किया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
आरोपी छात्र अपने घर चले गए। बृहस्पतिवार को पारा थाने में एफआईआर कराई है। राजन ने कहा कि वह नही जानता कि सभी ने उसे क्यों मारा। वहीं, प्रॉक्टर प्रो. पी राजीवनयन ने कहा कि विश्वविद्यालय में दिव्यांग छात्रों के दो ग्रुप हैं।आरोपी छात्रों से पूछताछ की गई थी, लेकिन उन्होंने किसी घटना से इन्कार कर दिया। मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। रिपोर्ट पर कार्रवाई की जाएगी।