लखनऊ। मुख्यमंत्री अभ्युदय निशुल्क कोचिंग योजना के लखनऊ में संचालित 12 में से छह केंद्रों पर बुधवार से पढ़ाई शुरू हो गई। इनमें 2037 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। पहले दिन 300 छात्र पढ़ने पहुंचे। इनमें से 160 सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी वाली कक्षा में थे।
मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना के तहत एनडीए, सीडीएस, नीट, जेईई, सिविल सेवा आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराई जाती है। इन केंद्रों पर एक जुलाई से एक वर्ष का कोर्स चलाया जाता है। बुधवार को ओएनजीसी भवन के केंद्र पर 40, कालीचरण पीजी कॉलेज के केंद्र 41 और नेताजी सुभाष चंद्र बोस महिला महाविद्यालय अलीगंज लखनऊ के केंद्र 45 छात्रों ने सिविल सेवा परीक्षा की कोचिंग शुरू की। महाराजा बिजली पासी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय आशियाना में 35 छात्रों ने सिविल सेवा परीक्षा की क्लास ली। खुनखुनजी गर्ल्स पीजी कॉलेज चौक और नेशनल पीजी कॉलेज के केंद्र पर भी छात्रों ने नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की है। समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि बचे केंद्रों पर भी एक-दो दिन में कक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी।