लखनऊ। थार गाड़ी से जी-20 रोड पर लगे पुलिस बैरियर को टक्कर मारकर गिराने वाला हाईस्कूल का छात्र था। पुलिस ने बुधवार का स्टंट में इस्तेमाल की गई थार, स्काॅर्पियो और सियाज कार को सीज कर लिया है। नाबालिग छात्र व उसके अभिभावक को हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि सोमवार को पुलिस के बैरियर को थार से टक्कर मारकर गिराने के वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला कि चिनहट के कमता निवासी छात्र ने रील बनाने के क्रेज में अलग-अलग दिनों में विभिन्न गाड़ियों से स्टंट किए थे। छात्र ऑनलाइन गाड़ी बुक करके स्टंट करता था और उनकी रील सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। छात्र के पिता ने बेटे की गलती मानते हुए दोबारा ऐसी न करने का आश्वासन दिया है।