लखनऊ। शहर के हैंडबॉल खिलाड़ी सुयश अवस्थी को चीन के चुझोउ शहर में आयोजित 19वीं एशियन पुरुष जूनियर (अंडर-21) हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए चयनित भारतीय पुरुष जूनियर टीम का कप्तान बनाया गया है। टीम में लखनऊ के ही निहाल सिंह को भी जगह मिली है। सुयश अवस्थी और निहाल सिंह वर्तमान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में कोच मोहम्मद तौहीद के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
भारतीय टीम चुझोउ (चीन) में 15 से 26 जुलाई तक आयोजित चैंपियनशिप में चुनौती पेश करेंगी। सुयश वर्ष 2024 में जयपुर में आयोजित आईएचएफ यूथ व जूनियर पुरुष ट्रॉफी (जोन 2 एशिया चैंपियनशिप) में स्वर्ण विजेता भारतीय यूथ टीम के सदस्य रहे थे। इसके अलावा वह साल 2025 में लखनऊ में हुई आईएचएफ ट्रॉफी पुरुष यूथ व जूनियर हैंडबॉल (कांटिनेंटल फेज - एशिया) में रजत विजेता भारतीय यूथ टीम का भी हिस्सा थे। इस चैंपियनिप में निहाल सिंह भी उत्तर प्रदेश की रजत पदक विजेता टीम के सदस्य रहे थे।
सुयश अवस्थी और निहाल सिंह के भारतीय टीम में चयन पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की अध्यक्ष अलका दास, महासचिव डाॅ. आनंदेश्वर पांडेय, कार्यकारी महासचिव अमित पांडेय व कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने शुभकामनाएं दी।