लखनऊ। सिटी रेलवे स्टेशन की कमान शुक्रवार को पूरी तरह महिलाओं को सौंप दी गई। टिकटिंग से लेकर सेफ्टी और मेंटेनेंस से लेकर टिकट चेकिंग तक...। हर मोर्चा महिला रेलकर्मियों ने संभाल लिया है। डीआरएम गौरव अग्रवाल ने स्टेशन की जिम्मेदारी फीता काटने के बाद महिलाओं को सौंपी। महिला रेलकर्मियों को सम्मानित भी किया।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का सिटी रेलवे स्टेशन प्रदेश व पूर्वोत्तर रेलवे का पहला ऐसा स्टेशन बन गया है, जिसकी कमान पूरी तरह से महिला रेलकर्मियों के हाथ में सौंपी गई है। यह नारी सशक्तीकरण का उदाहरण है। डीआरएम गौरव अग्रवाल ने बताया कि सिटी स्टेशन का संचालन महिला रेलकर्मी बखूबी करेंगी, उन्हें पूरी उम्मीद है। यहां परिचालन, वाणिज्य, सुरक्षा व तकनीकी कार्यों की जिम्मेदारी पूरी तरह से महिला कर्मचारियों को मिली है।
इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष श्रुति गुप्ता की उपस्थिति में ‘अमृत संवाद’ कार्यक्रम भी हुआ। सिटी स्टेशन की वरिष्ठतम रेलकर्मी मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक विजय लक्ष्मी पांडे ने फीता काटकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में आरपीएफ डीआईजी चंद्रमोहन मिश्र व जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता भी उपस्थित रहे।
बढ़ेंगी ट्रेनें व सुविधाएं
डीआरएम गौरव अग्रवाल ने बताया कि स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। इससे यात्रियों का आवागमन सुलभ होगा तथा अमृत भारत स्टेशन के तहत हुए विकसित हुए स्टेशन का कद भी बढ़ेगा।
-
खिल उठे चेहरे, बढ़ाया आत्मविश्वास
सिटी स्टेशन की कमान पूरी तरह से महिलाओं को सौंपे जाने से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। उन्होंने खुशी जताई। साथ ही आला अफसरों को आश्वस्त भी किया कि स्टेशन को चलाने में कोई कोर-कसर नहीं रहेगी। यात्री सुविधाएं प्राथमिकता पर हैं तथा ट्रेनों को संचालन निर्बाध रूप से होगा।
दिसंबर तक पूरा होगा गोमतीनगर स्टेशन
डीआरएम ने कि गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के अपग्रेडेशन को लेकर कहा कि स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। सेकेंड फेज दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इससे यात्रियों को शानदार अनुभव मिलेंगे। स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।