चारबाग से बंथरा तक जाने के लिए अब लोगों को सड़क किनारे खड़े होकर रोडवेज बस या टैंपो की राह नहीं देखनी पड़ेगी।
चारबाग से अब बंथरा के लिए फटाफट बसें मिलेंगी। मंगलवार से इन बसों का संचालन शुरू हो गया है।
चारबाग से बंथरा जाने के लिए 22 रुपये किराया निर्धारित किया जाएगा। राजधानी में सिटी बस के चार लंबे रूट्स छोटे करने के बाद चारबाग से बंथरा का नया रूट नंबर 13 अस्तित्व में आया है।
यानी सिटी बस के रूट नंबर 11,12, 24 एवं 33 जो स्कूटर इंडिया तक था, उसका विस्तार बंथरा तक कर दिया गया है।इस विस्तार से पहले इन रूट्स की जो सिटी बस स्कूटर इंडिया तक चलती थी उनका
अंतिम पड़ाव चारबाग सिटी टर्मिनल कर दिया गया है।अब जनता को स्कूटर इंडिया जाने के लिए चारबाग सिटी टर्मिनल से रूट नंबर 13 की बस पर सफर करना पड़ेगा।
गोमती नगर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आदित्य प्रकाश ने बताया कि रूट नंबर 13 पर 18 सिटी बस का संचालन शुरू कर दिया गया है।
अब जल्द मिल सकेंगी बसें
अब चारबाग, हुसैनगंज, रायल होटल,हजरतगंज चौराहा, सिकंदरबाग, निशातगंज, बादशाहनगर, लेखराज, कपूरथला, आईटी कॉलेज,गोमती नगर,मुंशी पुलिया आदि चौराहे पर इंतजार नहीं करना होगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बताते हैं कि अब स्कूटर इंडिया जाने वाली 40 बसों में 18 को चारबाग से बंथरा और अन्य 22 का संचालन मंगलवार से चारबाग तक कर दिया गया है।
इससे गोमती नगर की बस चारबाग पहुंचकर दोबारा गोमती नगर के लिए वापस लौटेगी। इससे इस रूट पर कम समय में बसों का आवागमन होगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक का मानना कि इससे जनता को जल्दी-जल्दी सिटी बस की सुविधा मिलेगी।