08:42 AM, 22-Dec-2019
मेरठ बवाल में मरने वाले पांचों युवकों पर मुकदमा, वाराणसी में 10 मुकदमों के 73 आरोपी गिरफ्तार
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ शनिवार को उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार समेत देशभर में हिंसा और प्रदर्शन हुए। विरोध की आग में यूपी के रामपुर, कानपुर और मुजफ्फरनगर सबसे ज्यादा झुलसे। रामपुर में जहां हिंसक प्रदर्शनों के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पुलिसकर्मियों समेत 15 लोग घायल हैं। वहीं, कानपुर में उपद्रवियों ने एक पुलिस चौकी में घुसकर वाहनों को आग लगा दी। संभल, अमरोहा, मुजफ्फरनगर और फिरोजाबाद में भी प्रदर्शन व पथराव की खबरें हैं। फिरोजाबाद में पथराव के दौरान एसएसपी, एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी समेत कई दरोगा एवं सिपाही घायल हो गए। यूपी के 21 जिलों में इंटरनेट शनिवार रात 12 बजे तक बंद रहे, जबकि लखनऊ समेत 15 जिलों में इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं सोमवार तक बंद रहेंगी। फिरोजाबाद में दो और मेरठ में एक के शव मिले हैं। इसी के साथ यूपी हिंसा में मरने वालों की संख्या 17 हो गई।