लखनऊ। बिजली संकट से नाराज लोगों ने शुक्रवार देर रात दुबग्गा और कबीर नगर बिजली उपकेंद्रों पर प्रदर्शन किया। दुबग्गा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में आग लगने और पारा के चुन्नूखेड़ा क्षेत्र में केबल कटने से हजारों उपभोक्ता घंटों बिजली संकट से जूझते रहे।
कबीर नगर उपकेंद्र के अंतर्गत चुन्नूखेड़ा तिराहे के पास परसादी खेड़ा रोड पर एलडीए के नाला निर्माण कार्य के दौरान बिजली का केबल कट गया। इससे देर शाम रामदस खेड़ा, बजरंग सिटी, परसादी खेड़ा, आर्यपुरम और राधेबाग कॉलोनी समेत आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब 25 हजार की आबादी प्रभावित रही। देर रात 12 बजे तक भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी। इससे नाराज लोगों ने कबीर नगर उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं, दुबग्गा की मछली मंडी क्षेत्र में शुक्रवार शाम ट्रांसफार्मर में आग लगने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से परेशान उपभोक्ताओं ने देर शाम दुबग्गा उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा किया और जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की।