लखनऊ। सहायता प्राप्त चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज के निर्माण के लिए 25 प्रतिशत सहायता राशि सांसदों और विधायकों से जुटाई जाएगी। इसके लिए प्रबंधक ने जनप्रतिनिधियों की सूची तैयार की है। प्रबंधक पवन वर्मा ने कहा कि बेटियों का कॉलेज दोबारा बनवाया जाएगा, इसके लिए अलंकार योजना का लाभ लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अलंकार योजना में आवेदन के लिए 25 प्रतिशत राशि का होना जरूरी है। इस राशि को जुटाने के लिए सांसदों और विधायकों से अपील करने के साथ-साथ उन्हें पत्र भी सौंपा जाएगा। बता दें कि बीते 29 मई को जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रबंधक को अलंकार योजना में आवेदन करने के लिए पत्र भेजा था।
अभी तक न वेतन मिला, न कहीं जॉइनिंग हुई
चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज के शिक्षकों को अभी तक न वेतन मिला है और न ही उनकी किसी दूसरे कॉलेज में जॉइनिंग हुई है। शिक्षकों का कहना है कि मौजूदा समय में जिला विद्यालय निरीक्षक का तबादला हो चुका है, जबकि निदेशक सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में उनकी जॉइनिंग और वेतन दोनों अटके हुए हैं।
डीआईओएस के प्रस्ताव पर नहीं हुआ अमल
तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने कॉलेज को जर्जर घोषित करने संबंधी नोटिस चस्पा करने के दूसरे दिन ही 19 शिक्षक व अन्य स्टाफ की दूसरे विद्यालयों में तैनाती के लिए निदेशालय को पत्र भेजा था, लेकिन अभी तक उस पर कोई अमल नहीं हुआ है। बता दें कि चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज में कर्मचारियों और शिक्षकों सहित कुल 24 लोगों का स्टाफ है।